इश्क़ क्या है (What is Love ?)

इश्क़ क्या है, इश्किया
मेरी रूह की आवाज़ है इश्किया

गुलिस्ताँ के गुल उन्हें मुबारक,
हमें तो काँटों से मोहब्बत है।
ये चुभन, ये दर्द की आह

यही तो इश्क़ है… इश्किया

आफ़ताब की रोशनी उन्हें मुबारक,
हमें तो अंधेरों से मोहब्बत है।
ये चाँद, ये सितारों की ख़ामोशी—

यही तो इश्क़ है… इश्किया

अमीरी-दौलत उन्हें मुबारक,
हमें तो फ़क़ीरी से मोहब्बत है।
ये बेख़याली, ये बेख़ुदी की हालत—

यही तो इश्क़ है… इश्किया

ये समंदर, ये लहरें उन्हें मुबारक,
हमें तो किनारों से मोहब्बत है।
गीली रेत पर तेरे पाँव के निशाँ —

यही तो इश्क़ है… इश्किया

मैं बेरंग, और तुम हर रंग,
हमें तो उस मलंग से मोहब्बत है 
ये लाली, ये मेहँदी

यही तो इश्क़ है… इश्किया

ये इकरार-इज़हार उन्हें मुबारक,
हमें तो खामोशी से मोहब्बत है।
कोरे काग़ज़, अनकहे अल्फ़ाज़—

यही तो इश्क़ है… इश्किया

ये आसमाँ- ये बादल उन्हें मुबारक,
हमें तो ज़मीं से मोहब्बत है।
हाथों में हाथ , चलना तेरे साथ —

यही तो इश्क़ है… इश्किया

इश्क़ क्या है, इश्किया
मेरी रूह की आवाज़ है इश्किया

Comments

Popular Posts